स्टील प्लांट में दर्दनाक हादसा, 12 फीट ऊंचाई से गिरा फायरमैन, हालत गंभीर

रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित रूपाणाधाम स्टील प्लांट में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद औद्योगिक स्वास्थ्य और सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गेरवानी स्थित रूपाणाधाम स्टील प्राइवेट लिमिटेड में बुधवार रात नियमित काम चल रहा था। इसी दौरान बायरल क्षेत्र में कार्यरत बायरल फायर मैन दीपक चौहान (22), निवासी राबो, ड्यूटी पर तैनात था। काम के दौरान वह अचानक लगभग 10 से 12 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना होते ही मौके पर मौजूद अन्य श्रमिकों ने तुरंत कंपनी प्रबंधन को सूचना दी। इसके बाद घायल दीपक चौहान को गंभीर हालत में फोर्टिस जिंदल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों की टीम उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं औद्योगिक स्वास्थ्य और सुरक्षा विभाग की टीम ने भी प्लांट का निरीक्षण किया और प्रारंभिक जांच की कार्रवाई शुरू की।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी ली गई, लेकिन घायल श्रमिक के होश में न होने के कारण उसका बयान अभी दर्ज नहीं हो सका है। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति सामान्य होने के बाद उसका बयान लिया जाएगा। औद्योगिक सुरक्षा विभाग के उप संचालक राहुल पटेल ने बताया कि टीम ने स्थल निरीक्षण किया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। फिलहाल घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में उपचार जारी है।





