हिमवीर बने अचानकपुर के लाल प्रमोद कुमार सिदार का ग्रामवासियों ने किया अभूतपूर्व स्वागत
जिला रिपोर्टर शक्ति उदय मधुकर

सक्ती : हिमवीर बनकर अपने गांव व समाज सहित जिले का नाम रौशन करने वाले प्रमोद कुमार सिदार का प्रशिक्षण पूर्ण कर घर लौटने पर ग्रामवासियों ने अभूतपूर्व स्वागत किया। इस मौके पर उनके ग्राम अचानकपुरवासियों ने डीजे की धुन पर थिरकते हुए अपने लाल का आत्मीय स्वागत किया। गौरतलब हो कि सक्ती जिले के सक्ती विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अचानकपुर निवासी युवा प्रमोद कुमार सिदार का चयन हिमवीर आईटीबीपी के लिए हुआ है जो अपनी ट्रेनिंग पूरी कर घर लौटे हैं। ऐसे में अचानक पुर गांव में उनके परिवार समाज सहित सम्पूर्ण पंचायत के लोग इस जवान के स्वागत अभिनन्दन कार्यक्रम में शामिल हुआ।
इस मौके पर हिमवीर प्रमोद कुमार सिदार ने मीडिया से बताया कि उन्होंने हिमवीर आईटीबीपी की ट्रेनिंग पूरी कर ली है आगे अब वे भारत माता की सेवा के लिए सज्ज हैं। हिमवीर जवान प्रमोद ने आगे कहा कि मैं बहुत खुश हूं कि आज मैं अपने माता-पिता का सपना पूरा कर सका। यह सब मेरे माता पिता, गुरू जनों तथा बड़े-बुजुर्गों के आशीर्वाद का फल है। हिमवीर जवान प्रमोद कुमार सिदार ने गांव के युवाओं से कहा कि आप सभी अपने लिए लक्ष्य तैयार करें और उस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए दृढ़ संकल्पित होकर मेहनत करें तो सफलता निश्चित है। इस मौके पर हिमवीर जवान प्रमोद कुमार सिदार के माता-पिता सहित परिजनों के आंखों में ख़ुशी के भाव स्पष्ट झलक रहे थे।
विदित हो कि हिमवीर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के बहादुर जवानों को कहा जाता है, जो भारत-चीन सीमा (LAC) पर 40 डिग्री सेल्सियस तक के अत्यधिक ठंडे और दुर्गम पहाड़ी इलाकों में देश की रक्षा करते हैं, साथ ही प्राकृतिक आपदाओं में राहत और बचाव कार्य में भी अहम भूमिका निभाते हैं; इन्हें कठिन प्रशिक्षण और स्कीइंग व पर्वतारोहण की ट्रेनिंग दी जाती है, जो इन्हें ‘हिमालय के वीर’ बनाती है।





