रूद्राक्ष जागरण व प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन चांपा में 22 जनवरी को….
जिला रिपोर्टर शक्ति उदय मधुकर

सक्ती : सनातन धर्म की शाश्वत आध्यात्मिक परंपरा एवं वैदिक विज्ञान के दिव्य समन्वय के रूप में “रुद्राक्ष जागरण एवं प्रतिष्ठा महोत्सव” का भव्य आयोजन 22 जनवरी 2026, गुरुवार को प्रातः 11 बजे से परशुराम चौक, भोलेराव मैदान, चाम्पा में किया जा रहा है। यह महोत्सव उसी दिन आयोजित होने वाले विराट हिन्दू सम्मेलन का प्रमुख आध्यात्मिक आकर्षण रहेगा।
इस विशेष महोत्सव का संचालन विश्वविख्यात वैदिक ज्योतिषाचार्य पं. प्रिया शरण त्रिपाठी , सर्वराकार — श्री महाकाल धाम, अमलेश्वर के सान्निध्य में किया जाएगा। उनके द्वारा अमलेश्वर ज्योतिर्लिंग में सिद्ध एवं प्राण-प्रतिष्ठित रुद्राक्षों का जागरण एवं विधिवत प्रतिष्ठापन कराया जाएगा। यह अवसर अत्यंत दुर्लभ है, जिसमें शिवतत्त्व, नवग्रह शांति और कर्मशुद्धि का एक साथ शक्तिशाली आध्यात्मिक संयोग निर्मित होगा।
महोत्सव के दौरान रुद्राक्ष के वैज्ञानिक, वैदिक एवं आध्यात्मिक रहस्यों पर प्रकाश डाला जाएगा तथा यह बताया जाएगा कि किस प्रकार विभिन्न मुखी रुद्राक्ष नवग्रहों को संतुलित कर रोग, भय, कर्ज, मानसिक तनाव, पारिवारिक बाधाओं एवं भाग्य अवरोधों को दूर करने में सहायक होते हैं।
इस महोत्सव में देश के प्रख्यात संत, विद्वान, ज्योतिषाचार्य एवं धर्म-जागरण से जुड़े शीर्ष पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सनातन चेतना, राष्ट्रधर्म एवं आत्मिक शक्ति के जागरण का महायज्ञ होगा।
नगरवासी एवं श्रद्धालु अपने परिवार सहित इस दिव्य आयोजन में भाग लेकर कार्यक्रम प्रमुख यजमान बनने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं। उक्ताशय की जानकारी प्रांत संयोजिका घर वापसी प्रमुख श्रीमती अंजू गबेल ने दी है।






