Chhattisgarhछत्तीसगढ
दक्षिण बस्तर में नक्सलियों का स्मारक ध्वस्त, पोटेवांगू के जंगलों में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

सुकमा: दक्षिण बस्तर के घने जंगलों में कभी जो पत्थर और सीमेंट के ढांचे खड़े कर भय का संदेश दिया जाता था, अब वे एक-एक कर गिराए जा रहे हैं. नक्सल स्मारक ध्वस्त की ऐसी ही एक कार्रवाई चिंतागुफा थाना क्षेत्र के पोटेवांगू गांव के पास की गई. यह स्मारक भाकपा (माओवादी) द्वारा बनाया गया था.
पोटेवांगू के जंगल में चला अभियान
सुरक्षा बलों की टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी. इसी दौरान जवानों को जंगल में बना एक नक्सली स्मारक दिखाई दिया. ऐसे स्मारक अक्सर नक्सलियों के प्रभाव और वर्चस्व का प्रतीक माने जाते हैं.
सतर्कता के साथ की गई कार्रवाई
जवानों ने पहले पूरे इलाके को चारों ओर से घेर लिया. इसके बाद क्षेत्र की अच्छी तरह तलाशी ली गई, ताकि कोई आईईडी या अन्य खतरा न हो. जब पूरी तरह से सुरक्षा सुनिश्चित हो गई, तब स्मारक को गिरा दिया गया. कार्रवाई के बाद सभी जवान सुरक्षित कैंप लौट आए.





