SSR-2027: वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा अपडेट, 12 नवंबर को आएगी ड्राफ्ट सूची; जानें कब तक कर सकेंगे दावा-आपत्ति

SSR-2027: छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (SSR-2027) की समय-सारणी जारी कर दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, विवरण में सुधार कराने और दावा-आपत्ति दर्ज करने के लिए नागरिकों को निर्धारित समय दिया गया है।
12 नवंबर को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण 2 नवंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर 2026 को प्रारूप मतदाता सूची (ड्राफ्ट वोटर लिस्ट) का प्रकाशन होगा। सूची जारी होने के बाद नागरिक अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच कर सकेंगे।
11 दिसंबर तक कर सकेंगे दावा-आपत्ति
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, दर्ज जानकारी में संशोधन कराने या अन्य दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। इस अवधि में पात्र नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।
पुनरीक्षण की सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग की नागरिकों से अपील
भारत निर्वाचन आयोग ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम और व्यक्तिगत विवरण जरूर जांच लें। यदि नाम दर्ज कराने या किसी जानकारी में सुधार की आवश्यकता हो, तो निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करें।
कोरबा में भक्ति का अनूठा समागम: मां सर्वमंगला मंदिर में 501 कन्याओं का महापूजन और कन्या भोज
लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है। ऐसे में मतदाताओं को सलाह दी गई है कि वे पुनरीक्षण कार्यक्रम की तारीखों का ध्यान रखें और समय रहते आवश्यक कार्रवाई करें।





