ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी, जांजगीर के नन्हे-मुन्ने बच्चों का शैक्षणिक भ्रमण

ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी जांजगीर में संस्था के संचालक श्री आलोक अग्रवाल, डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल एवं प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह जी के निर्देशन में दिनांक- 27 नवंबर 2025 को कक्षा-नर्सरी से कक्षा-पाँचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को प्राकृतिक वन्यजीवन, विशेषकर सरीसृपों के संरक्षण और उनके पारिस्थितिक महत्व के बारे में जानकारी देना था।
इस उद्देश्य से बच्चों को कोटमी सोनार स्थित प्रसिद्ध क्रोकोडाइल पार्क ले जाया गया, जहाँ उन्होंने न केवल नई-नई जानकारियाँ प्राप्त कीं बल्कि रोमांच और उत्साह से भरे पलों का आनंद भी लिया। सुबह विद्यालय परिसर से ही बच्चों में अत्यधिक उत्साह देखने को मिला। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और स्टाफ की देखरेख में सभी बच्चे सुरक्षित रूप से बसों में सवार होकर पार्क पहुँचे। पार्क पहुँचते ही बच्चों का स्वागत हरियाली और शांत प्राकृतिक वातावरण ने किया। सबसे पहले उन्हें मगरमच्छों के संरक्षण से जुड़े नियमों और सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दी गई। पार्क के कर्मचारियों द्वारा बच्चों को बताया गया कि किस प्रकार विभिन्न प्रजातियों के मगरमच्छ यहाँ सुरक्षित रखे जाते हैं और उनके प्राकृतिक आवास को संरक्षित किया जाता है। बच्चों ने नजदीक से मगरमच्छों को देखा और उनके बारे में कई रोचक तथ्य सीखे। उन्होंने जाना कि मगरमच्छ कितने शांत दिखाई देते हैं परंतु वास्तव में वे बेहद मजबूत और फुर्तीले जीव होते हैं।
पार्क के गाइड ने बच्चों को उनकी प्रजाति, भोजन, जीवनचक्र और पर्यावरण में उनकी भूमिका के बारे में सरल भाषा में समझाया। इससे बच्चों में वन्यजीवों के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता विकसित हुई। संस्था प्रबंधंन द्वारा विद्यार्थियों के लिये स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई थी। नन्हें-मुन्हें विद्यार्थी क्रोकोडाईल पार्क में अत्यंत उत्साहित नज़र आए। तत्पश्चात् विद्यार्थियों को शिक्षकों की देख-रेख में सुरक्षित वापस लाया गया तथा घर पहुँचाया गया। इस शैक्षणिक भम्रण में संस्था के लगभग 250 विद्यार्थी एवं 30 शिक्षक-शिक्षिकाएँ सम्मिलित हुए। शैक्षणिक भ्रमण के सफल संचालन में संस्था के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, एडमिन स्टॉफ व ग्रुप डी स्टॉफ का विशेष योगदान रहा।





