Chhattisgarh Weather News: छत्तीसगढ़ में मौसम का डबल अटैक – कहीं झुलसाती गर्मी, तो कहीं बारिश से राहत; रायपुर में पारा 45 डिग्री पार…

Chhattisgarh Weather News: छत्तीसगढ़ में बस्तर को छोड़कर बाकी सभी इलाकों में गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है. लगातार दूसरे दिन रायपुर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा. मौसम विभाग ने सोमवार को राजधानी में और ज्यादा गर्मी पड़ने का पूर्वानुमान जताया है. लू चलने की चेतावनी जारी करते हुए मौसम विभाग ने कहा है कि अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है. जानकारी के अनुसार 24 घंटों में छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं आया. प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया. रविवार को भीषण गर्मी के चलते लोग घरों में रहे. जरूरी काम से निकलने वाले सिर पर कपड़ा बाँधे या छतरी लिए नजर आए.
*विद्या वाचस्पति सारस्वत सम्मान से सम्मानित हुए शिक्षक जगदीश प्रसाद गबेल*
रायपुर में आज 45 डिग्री वाली गर्मी!
मौसम विभाग ने रायपुर शहर के लिए स्थानीय पूर्वानुमान जारी किया है. 27 अप्रैल को रायपुर में ग्रीष्म लहर चलने की संभावना है. अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
दक्षिणी क्षेत्रों में राहत
मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया कि प्रदेश के दक्षिणी भाग में बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाओं का आगमन प्रारंभ हो चुका है. पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. वहीं उत्तर पूर्व झारखंड में दूसरा ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण फैला है. इसके अलावा मध्य प्रदेश के मध्य भाग में तीसरा ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण फैला हुआ है. इसके चलते प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है. एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने तथा तेज हवा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे चलने की संभावना है. एक-दो हिस्सों में ग्रीष्म लहर चलने की चेतावनी दी गई है.
सबसे गर्म राजनांदगांव का तापमान जारी नहीं
प्रदेश में इस वर्ष राजनांदगांव में तापमान सबसे ज्यादा दर्ज किया जा रहा है. शनिवार को अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. उसके एक दिन पहले पारा 44.5 डिग्री सेल्सियस था. वहीं इसी माह शनिवार से पहले भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा चुका है. इसके बाद भी मौसम विभाग ने रविवार को राजनांदगाँव का न तो अधिकतम तापमान जारी किया और ना ही न्यूनतम तापमान .
*नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर आक्रोश, सक्ती में महिला सम्मेलन 27 को*
प्रदेश में अधिकतम तापमान
रायपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस, माना एयरपोर्ट में 43.8 डिग्री, बिलासपुर में 44.4 डिग्री, पेण्ड्रारोड में 42.5 डिग्री, अंबिकापुर में 41.5 डिग्री, जगदलपुर में 38.1 डिग्री और दुर्ग में 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.






