जिले में कांग्रेस का संगठन सृजन कार्यक्रम शुरू, कांग्रेस पर्यवेक्षक विवेक बंसल ने पत्रकार वार्ता कर दी जानकारी
जिला रिपोर्टर शक्ति उदय मधुकर

सक्ती सक्ती जिले में कांग्रेस पार्टी का संगठन सृजन अभियान शुरू हो गई है। इस कार्यक्रम के तहत कांग्रेस पार्टी के पर्यवेक्षक पार्टी हाई कमान से मिले दिशा- निर्देश के अनुरूप जिला अध्यक्ष चुनाव के लिए फीडबैक लेना शुरू कर दिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक द्वारा संगठन सृजन अभियान के संबंध में 14अक्टूबर को प्रेसवार्ता कर जानकारी दी गई। इस संबंध में पत्रकारों से चर्चा करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक ने बताया कि वे चार दिनों तक यहां रूकेंगे। इस दौरान वे स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं से बातचीत कर फीड बैक लेंगे। कांग्रेस पर्यवेक्षक अपने इस फीडबैक को दिल्ली ले जाकर कांग्रेस हाईकमान को सौपेंगे। इसी फीडबैक के आधार पर कांग्रेस पार्टी अपने जिलाध्यक्षों का चुनाव करेगी। इस पत्रकार वार्ता के अवसर पर नेता प्रतिपक्ष व सक्ती विधायक डॉ चरणदास महंत, चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, ठा. गुलजार सिंह, जिलाध्यक्ष त्रिलोकचंद जायसवाल मंच पर आसीन रहे। विदित हो कि कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तथा राहुल गांधी ने संगठन सृजन अभियान के तहत पार्टी संगठन में जिलाध्यक्ष चुनाव के लिए एक अभिनव प्रयोग किया है। इधर राजनीतिक गलियारों में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान की खूब चर्चा हो रही है और इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाई जा रही संगठन सृजन अभियान से जमीनी स्तर पर पार्टी संगठन को मजबूती मिलेगी और जमीनी पकड़ वाला व्यक्ति जिलाध्यक्ष बनेगा। इस अवसर पर गिरधर जायसवाल, नरेश गेवाडीन, अमित राठौर, राजीव जायसवाल, साधेश्वर गबेल, ईश्वर लोधी, चंद्रकुमार सोनी , विशाल जांगड़े सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।





