सिलेंडर में ब्लास्ट से आग, कॉलरी के डिप्टी मैनेजर की मौत
सिलेंडर में ब्लास्ट से आग, कॉलरी के डिप्टी मैनेजर की मौत
आत्महत्या करने की भी जताई जा रही आशंका, कोरिया जिले के कोयलांचल चरचा कॉलरी क्षेत्र की घटना
बैकुण्ठपुर – कोरिया जिले के कोयलांचल चरचा कॉलरी क्षेत्र अंतर्गत कॉलरी के क्वाटर में गैस सिलेंडर में ब्लास्ट होने से कॉलरी के डिप्टी मैनेजर की जलने से मौत हो गई। जांच के दौरान पता चला कि किचन के अंदर गैस रिसाव के बाद आग लगने और बाद में विस्फोट होना संभावित है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चाईना ब्लॉक स्थित आवास क्रमांक सी-25 में कॉलरी डिप्टी मैनेजर के.बी. नंदन अपने परिवार के साथ निवास करते थे। 6 जून को वे घर पर अकेले थे। उनका एक पुत्र घर के बाहर परिसर में था, वहीं पत्नी व छोटा पुत्र रांची गए हुए थे। रात लगभग 9.30 बजे के.बी. नदंन के घर से जोरदार ब्लास्ट होने की आवाज से आसपास रहने वाले लोग घबरा गए और उनके घर की ओर दौड़ पड़े। बेटा भी पहुंचा तो घर के अंदर से आग की लपटें निकलते देखीं।तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन वाहन व पुलिस को दी गई। टीम पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो पूरा किचन जल रहा था और डिप्टी मैनेजर बुरी तरह से झुलस गए थे। उन्हें तत्काल स्थानीय रिजनल अस्पताल चरचा ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई।
किचन को अंदर से बंद कर रखा था
चरचा थाना प्रभारी आनंद सोनी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला गैस सिलेंडर ब्लास्ट से मौत का नहीं बल्कि आत्महत्या का प्रतीत होता है। मृतक ने खुद को किचन के भीतर बंद कर लिया था। गैस फैलने के बाद आग लगा ली होगी। हालांकि पुलिस हर पहलु की जांच कर रही है।





