
CG News: मोर्चा संभालते ही बैज ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, कहा- अबकी बार 75 पार
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष दीपक बैज ने पदभार ग्रहण करते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह जगाया। उन्होंने कहा कि आप लोगों ने ऐतिहासिक स्वागत किया। हमारे कार्यकर्ताओं और नेतागण के इरादे को बरसता पानी भी डिगा नहीं सका।
सत्ता और संगठन दोनों अलग-अलग है। सत्ता और संगठन में तालमेल होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य और मिशन 2023 और मिशन 75 प्लस हासिल करना है। झूठ और फरेब की राजनीति को उखाड़ फेकना है। ज्ञात हो कि कांग्रेस हाईकमान के निर्देश पर मोहन मरकाम को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटाकर इसकी जवाबदारी अब बस्तर सांसद दीपक बैज को सौंपी गई है। हालांकि आदिवासी वोट बैंक को साधने के लिए मरकाम को मंत्री का पद दिया गया है।
मुख्यमंत्री व पूर्व अध्यक्ष ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नए अध्यक्ष का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आज हमारे नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज का हम सब स्वागत करते है, अभिनंदन करते है। मंत्री व निवृतमान प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि हमारे बस्तर के ऊर्जावान सांसद दीपक बैज नए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया है। नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, एनएसयूआइ, यूथ कांग्रेस और ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, दो बार विधायक एवं वर्तमान में बस्तर के सांसद है।