रजगामार में रावण दहन के दौरान नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप, तीन लोगों पर मारपीट के भी गंभीर आरोप

छत्तीसगढ़/कोरबा : दशहरा पर्व के अवसर पर आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान एक 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ अश्लील टिप्पणी, छेड़छाड़, लज्जा भंग और उसके भाई के साथ मारपीट किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। ओमपुर रजगामार स्थित रावण मैदान में 20 अक्टूबर 2026 की रात घटित इस घटना को लेकर पीड़िता के परिजनों ने 22 अक्टूबर 2026 को जिला पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत प्रस्तुत कर त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में भाजपा नेता अनिल चौरसिया, रामपुर विधानसभा अंतर्गत कुदमुरा मंडल के बीजेपी महामंत्री कौशल चौरसिया तथा स्थानीय निवासी दिनेश चौहान को नामजद किया गया है।
स्मार्ट रिंग सेहत का रखेगी पूरा ध्यान! Oura Ring 5 लॉन्च, जानें फीचर्स और कितनी है कीमत
पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई लिखित शिकायत के अनुसार घटना 20 अक्टूबर 2026 की रात की है, जब रावण मैदान में सार्वजनिक कार्यक्रम चल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान कौशल चौरसिया और अनिल चौरसिया ने वहां मौजूद नाबालिग छात्रा पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। छात्रा ने पास ही मौजूद अपने चचेरे भाई को इसकी जानकारी दी। जब पीड़िता का भाई इसका विरोध करने पहुंचा तो कौशल चौरसिया, अनिल चौरसिया एवं दिनेश चौहान द्वारा उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी गई।
जब नाबालिग छात्रा बीच-बचाव करने आगे बढ़ी तो तीनों आरोपियों ने कथित तौर पर भीड़ का फायदा उठाते हुए उसके साथ झूमाझटकी की गलत नीयत से छुआ तथा दुपट्टा खींचकर लज्जा भंग की। घटना के पश्चात सहमी पीड़िता ने घर पहुंचकर अपने परिजनों को पूरी बात बताई।
पीड़िता पर पिता का साया न होने के कारण अपने चाचा के पूर्ण संरक्षण में रहकर पढ़ाई कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने 22 अक्टूबर 2026 को सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित आवेदन प्रस्तुत किया।
परिजनों ने पुलिस अधीक्षक महोदय से करबद्ध प्रार्थना करते हुए नामजद आरोपियों कौशल चौरसिया, अनिल चौरसिया एवं दिनेश चौहान के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।





