कोरबा कुसमुंडा में प्रशासनिक लापरवाही ने ली दो मासूम जिंदगियां: अंडरब्रिज बंद होने से डाइवर्ट मार्ग पर भारी वाहनों की चपेट में आए बाइक सवार युवक-युवती
सतपाल सिंह के साथ ओम गवेल की खबर
कोरबा कुसमुंडा में प्रशासनिक लापरवाही ने ली दो मासूम जिंदगियां:
अंडरब्रिज बंद होने से डाइवर्ट मार्ग पर भारी वाहनों की चपेट में आए बाइक सवार युवक-युवती
• चेतावनी के बाद भी अधिकारियों ने नहीं दिया ध्यान, गेवरा-दीपका मार्ग पर हुआ भीषण हादसा
गुस्साए ग्रामीणों ने डाइवर्ट मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल, पुलिस ने वाहन किया जब्त

कोरबा। जिला अंतर्गत गेवरा-दीपका मार्ग पर बुधवार की सुबह एक हृदय विदारक सड़क हादसा हो गया। कुचेना में निर्माणाधीन अंडरब्रिज के मरम्मत कार्य के कारण आवाजाही बंद कर ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्ग पर डाइवर्ट किया गया था। इसी डाइवर्टेड मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार युवक और स्कूटी सवार युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है।

अधिकारियों की अनदेखी पड़ी भारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुचेना अंडरब्रिज में मरम्मत कार्य चलने की वजह से उसे आम जनता के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया था। इसके चलते सारा ट्रैफिक गेवरा-दीपका मार्ग से होकर गुजर रहा था। इस मार्ग पर पहले से ही कोयला व अन्य भारी वाहनों का अत्यधिक दबाव है। स्थानीय पार्षदों और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के जिला अध्यक्ष ने मंगलवार को ही संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर इस मार्ग पर किसी बड़े हादसे की आशंका जताई थी। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को आगाह करते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की थी, लेकिन प्रशासन ने इस चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया। नतीजा यह रहा कि महज 24 घंटे के भीतर ही अंदेशा हकीकत में बदल गया।
मृतकों की हुई पहचान
घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर दोनों शवों को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। मृतकों की शिनाख्त कर ली गई है। मृतका की पहचान सीमा पटेल (पिता: विक्रम पटेल) के रूप में हुई है, जो दीपका स्थित उत्कर्ष बैंक में कार्यरत थीं। वहीं मृतक युवक की पहचान संजय कुमार (पिता: भागवत सिंह) के रूप में हुई है, जो दादर कला, भैंसमा के निवासी थे।
वाहन जब्त, जांच में जुटी पुलिस
कुसमुंडा थाना पुलिस ने दुर्घटना कारित करने वाले भारी वाहन को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति सीमा तय की जाए और यातायात पुलिस की तैनाती की जाए, ताकि आगे ऐसे हादसों को रोका जा सके।





