अवैध महुआ शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 50 लीटर शराब और 1000 किलो महुआ लाहन जब्त
रायपुरा भाटापारा के बांधा तालाब किनारे चल रही थीं अवैध शराब भट्ठियां, मौके पर पांच भट्ठियों को किया गया नष्ट


सक्ती/जैजैपुर। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में 31 अक्टूबर 2026 को आबकारी वृत्त जैजैपुर की टीम ने ग्राम रायपुरा भाटापारा में बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 लीटर महुआ शराब और 1000 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया है। साथ ही मौके पर संचालित पांच अवैध महुआ शराब भट्ठियों को नष्ट किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला कलेक्टर सक्ती एवं जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब बनाने के ठिकानों को चिन्हित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम रायपुरा भाटापारा स्थित बांधा तालाब के किनारे मेंड़ पर दबिश दी। जांच के दौरान पांच चढ़ी हुई महुआ शराब भट्ठियां मिलीं। मौके से 10 प्लास्टिक जरीकेन में भरी कुल 50 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। वहीं तालाब में रखी 50 प्लास्टिक बोरियों के अंदर सफेद पन्नी में भरा लगभग 1000 किलोग्राम महुआ लाहन भी जब्त किया गया।
आबकारी विभाग ने बरामद सामग्री को जब्त करते हुए मौके पर संचालित पांचों भट्ठियों का नष्टीकरण किया। मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत एक प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया गया है।
उक्त कार्रवाई आबकारी वृत्त जैजैपुर प्रभारी घनश्याम प्रधान एवं मालखरौदा प्रभारी कोमल सिदार के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में आबकारी मुख्य आरक्षक रघुनाथ पैकरा, आरक्षक मुरलीधर नायक तथा आबकारी स्टाफ परसराम कहरा, कमलेश यादव एवं भारती यादव का सराहनीय योगदान रहा।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध महुआ शराब निर्माण में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।




