Chhattisgarhछत्तीसगढ

नवा रायपुर में 1 से 3 नवंबर तक राज्योत्सव: एयर शो रहेगा मुख्य आकर्षण, समापन में शामिल हो सकते हैं अमित शाह

रायपुर : छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर के तूता मेला मैदान में 1 से 3 नवंबर तक तीन दिवसीय राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। समारोह का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया करेंगे, जबकि 3 नवंबर को होने वाले समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना है। राज्योत्सव को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

CG Crime: स्कूल में नशेड़ी का हंगामा, शिक्षक को डंडे से पीटा, ट्रक से कुचलने की दी धमकी

एयर शो में दिखेगा भारतीय वायुसेना का दम

राज्योत्सव का प्रमुख आकर्षण भारतीय वायुसेना का एयर शो होगा। नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में सारंग हेलीकॉप्टर और सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम हवाई करतब दिखाएगी। सूर्यकिरण टीम के नौ विमान करीब 40 मिनट तक आसमान में अलग-अलग फॉर्मेशन और रोमांचक एयरोबेटिक स्टंट का प्रदर्शन करेंगे। हालांकि, एयर शो की अंतिम तारीख और समय की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

तैयारियों की समीक्षा के लिए रायपुर के कलेक्टर गौरव सिंह ने शनिवार को वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों, नगर निगम और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं और जरूरी तैयारियों पर चर्चा की गई।

अभिजीत भट्टाचार्य और पलक मुच्छाल की होगी प्रस्तुति

राज्योत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रहेगी। पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य, गायिका पलक मुच्छाल और स्वस्ति मेहुल अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के स्थानीय लोक कलाकार राज्य की समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को मंच पर प्रदर्शित करेंगे।

‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ होगी इस साल की थीम

राज्योत्सव 2026 की थीम ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ रखी गई है। इसके माध्यम से महिला सशक्तीकरण और युवाओं की भूमिका को प्रमुखता से सामने लाया जाएगा।

आयोजन स्थल पर विभिन्न सरकारी विभागों और सार्वजनिक उपक्रमों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनमें जनकल्याणकारी योजनाओं, रोजगार के अवसरों, निवेश, बुनियादी ढांचे और विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ जैसे विषय भी प्रदर्शनियों का हिस्सा होंगे।

3 नवंबर को 40 हस्तियों को मिलेगा राज्य अलंकरण

राज्योत्सव के अंतिम दिन 3 नवंबर को राज्य अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को कुल 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

ट्रंप की ईरान को खुली धमकी: ‘एक और बड़े हमले के लिए तैयार रहो’, तेहरान का पलटवार- आओ, इंटरनेट केबल काट देंगे

60 एलईडी स्क्रीन से दर्शक देख सकेंगे कार्यक्रम

आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन व्यापक इंतजाम कर रहा है। मुख्य मंच के सामने विशाल डोम बनाया जा रहा है। यहां 60 एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी, ताकि दूर बैठे दर्शक भी कार्यक्रमों को आसानी से देख सकें।

परिसर में प्रवेश के लिए दो मुख्य द्वार बनाए जा रहे हैं। इनमें से एक द्वार विभागीय प्रदर्शनियों के क्षेत्र की ओर जाएगा। प्रदर्शनी में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

40 हजार वाहनों की पार्किंग, 25 एंबुलेंस रहेंगी तैनात

राज्योत्सव के दौरान यातायात और पार्किंग व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए छह मार्ग निर्धारित किए गए हैं। साथ ही करीब 40 हजार वाहनों की क्षमता वाला पार्किंग स्थल तैयार किया जा रहा है। दर्शक यहां अपने वाहन खड़े करके पैदल आयोजन स्थल तक पहुंच सकेंगे।

स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था के तहत परिसर में 300 शौचालय, 20 बिस्तरों वाला अस्थायी अस्पताल, आईसीयू सुविधा, 25 एंबुलेंस और अग्निशमन वाहन तैनात रखने की योजना है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य आयोजन के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटना और दर्शकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

पिछले साल पीएम मोदी ने दी थीं विकास परियोजनाओं की सौगात

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित रजत महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने राज्य को 14,260 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी थी। अब 26वें स्थापना दिवस पर होने वाले राज्योत्सव को लेकर भी प्रदेश में तैयारियां जोरों पर हैं।

Preeti Singh

Priti Singh is a senior journalist at INN24 News with extensive experience covering crime, governance, public policy, and regional affairs in Chhattisgarh Her reporting focuses on factual accuracy, administrative accountability, and issues of public interest. Areas of Expertise • India and Chhattisgarh politics and governance • State and regional affairs (Chhattisgarh) • Public administration • Investigative reporting Editorial Responsibility Priti Singh follows strict fact-checking and editorial standards and adheres to INN24 News’ Editorial Policy. 📧 Contact: manni200390@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026