चापा की महारानी के दर्शन के लिए उमड़ रहा श्रद्धालुओं का सैलाब, भव्य प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र

चांपा। नवरात्रि के पावन अवसर पर चांपा शहर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है। जगह-जगह माता रानी की प्रतिमाएं स्थापित कर श्रद्धालुओं द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। इसी कड़ी में चांपा की महारानी की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसके दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। माता की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
माता की प्रतिमा का निर्माण दाता ठाकुर, भटगांव वाले द्वारा किया गया है। INN24 की टीम ने आज प्रतिमा के रचनाकार से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि माता की इस भव्य प्रतिमा को तैयार करने में उन्हें लगभग दो महीने का समय लगा। श्रद्धा और समर्पण के साथ तैयार की गई यह प्रतिमा अपनी भव्यता, कलात्मकता और आकर्षक स्वरूप के कारण श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित कर रही है।
आयोजन समिति की ओर से माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। समिति का कहना है कि दर्शन एवं भीड़ व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शासन-प्रशासन का भी पूर्ण सहयोग मिल रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए समिति के सदस्य लगातार सक्रिय हैं।

आयोजन समिति प्रमुख अजय बंसल ने चांपा शहर के नागरिकों, शासन एवं प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माता रानी के आयोजन को सफल बनाने में सभी का सहयोग मिल रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी व्यवस्था बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने और शांतिपूर्वक माता के दर्शन करने की अपील की। समिति ने सभी सहयोगियों एवं नागरिकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आगे भी इसी प्रकार सहयोग की अपेक्षा की है।





