
कुआलालंपुर से जेद्दा जा रही मलेशिया एयरलाइंस की एक फ्लाइट को इंजन में तकनीकी गड़बड़ी के बाद सोमवार को चेन्नई की ओर मोड़ दिया गया और एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई। एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान MH 156 में 186 लोग सवार थे और विमान सुरक्षित रूप से चेन्नई एयरपोर्ट पर उतर गया। उन्होंने बताया कि विमान के उतरने से पहले हवाई अड्डे पर जरूरी इंतजाम किए गए थे।
इंजन नंबर 2 में आई थी खराबी
अधिकारी ने बताया कि ”इंजन नंबर दो से संबंधित” एक तकनीकी दिक्कत सामने आई थी। विमानन कंपनी और संबंधित तकनीकी दल तकनीकी समस्या की जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट पर परिचालन सामान्य है। अधिकारियों ने बताया कि विमान को ‘टो’ वाहन की मदद से पार्किंग क्षेत्र में ले जाया गया। उन्होंने बताया कि यात्रियों के लिए हवाई अड्डे पर ठहरने की व्यवस्था की गई है।
एयरपोर्ट पर अलर्ट, सभी यात्री सुरक्षित
इमरजेंसी स्थिति की सूचना मिलते ही चेन्नई एयरपोर्ट पर तुरंत फायर टेंडर, एम्बुलेंस और CISF के जवानों को अलर्ट पर रख दिया गया। विमान ने रनवे पर सुरक्षित लैंडिंग की, जिसके बाद सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला लिया गया। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इंजन में खराबी का सटीक कारण क्या था और फ्लाइट आगे जेद्दा के लिए रवाना होगी या नहीं।
वहीं, आपको बता दें कि हाल ही में कोलकाता मेट्रो के एक कोच में धुआं उठने का मामला सामने आया था। घटना के बाद यात्रियों को बाहर निकाला गया और धुएं पर काबू पा लिया गया। वहीं दूसरी तरफ एयरपोर्ट पर एक विमान में बम की धमकी वाला नोट भी मिला।






