कोरबा के सुनसान खेत में मिला अज्ञात शव, दुर्गंध से ग्रामीणों को हुई जानकारी; हत्या की आशंका

कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचपेडी में बुधवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पीडीएस भवन के पास खेत में पड़ा मिला है। ग्रामीणों ने जब खेत के पास शव देखा तो पूरे गांव में खबर तेजी से फैल गई और मौके पर ग्रामीणों का तांता लग गया। जानकारी के अनुसार, आज प्रातः ग्रामीण खेतों की ओर गए थे, तभी उन्होंने खेत में एक शव पड़ा देखा। शव से दुर्गंध आ रही थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि शव को पड़े हुए 2 दिन से ज्यादा समय हो गया है। शव के सिर पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि यह हत्या है या कोई अन्य घटना, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
छत्तीसगढ़ में फिर कोरोना की एंट्री! दो जिलों में मिले मरीज, स्वास्थ्य विभाग हुआ अलर्ट
अज्ञात व्यक्ति की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। ग्रामीणों के अनुसार यह पता नहीं चल पाया है कि मृतक स्थानीय है या बाहरी व्यक्ति है। शव की स्थिति ऐसी है कि पहचान करना मुश्किल हो रहा है। मामले की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति शव के पास न जाए ताकि साक्ष्य सुरक्षित रहें। उरगा पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी मौके पर बुलाया है। फोरेंसिक टीम शव और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाएगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और लापता लोगों की जानकारी भी खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पंचपेडी गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मृतक की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा।






