*सट्टा मुक्त सक्ती का संदेश लेकर पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च*

सक्ती। सट्टा एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ सक्ती पुलिस ने सख्ती बढ़ाते हुए पूर्व में सट्टा प्रकरणों में संलिप्त लोगों को बुलाकर कड़ी समझाइश दी। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने भविष्य में सट्टा खेलने-खिलाने या किसी अवैध गतिविधि में शामिल नहीं होने के निर्देश दिए।
समझाइश के बाद संबंधित लोगों ने पुलिस के साथ शहर में फ्लैग मार्च निकाला। हाथों में सट्टा विरोधी स्लोगन वाली पट्टियां, बैनर और पोस्टर लेकर लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान “सट्टा छोड़ो-परिवार जोड़ो”, “सट्टा मुक्त सक्ती-सुरक्षित सक्ती” जैसे नारों के माध्यम से सट्टे के दुष्परिणामों से दूर रहने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक ने चेतावनी दी कि अपराध की पुनरावृत्ति करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आपराधिक गतिविधियों में लगातार संलिप्त पाए जाने पर गुंडा बदमाश एक्ट एवं आवश्यकता अनुसार जिला बदर की कार्रवाई भी की जाएगी।
फ्लैग मार्च के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल, एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा, थाना प्रभारी लखनलाल पटेल सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।






