कोरबा में बड़ा हादसा, आकाशीय बिजली की चपेट में आने से तीन ग्रामीणों की दुखद मौत
सतपाल सिंह

कोरबा में बड़ा हादसा, आकाशीय बिजली की चपेट में आने से तीन ग्रामीणों की दुखद मौत..

कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी स्थित सलोरा बकरा बाजार में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। खेत में धान रोपाई का कार्य कर रहे तीन ग्रामीणों की गाज की चपेट में आने से मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मिली जानकारी के अनुसार, छुरी बकरा बाजार सब-स्टेशन के पीछे स्थित खेत में करीब 25 से 30 ग्रामीण धान रोपाई के कार्य में जुटे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली खेत की मेड़ पर आ गिरी। इसकी चपेट में आने से तीन ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। मृतकों की पहचान बहोरन पाटले, लक्ष्मी चंद पाटले तथा श्याम साहू, , तीनों निवासी छुरी, के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने तत्काल तीनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर शवों का पंचनामा किया।






