ब्रेकिंग कोरबा कार्बन फैक्ट्री में लगी भीषण आग,कई किलोमीटर दूर से दिख रहा काले धुंए का गुब्बार
सतपाल सिंह
ब्रेकिंग कोरबा कार्बन फैक्ट्री में लगी भीषण आग,कई किलोमीटर दूर से दिख रहा काले धुंए का गुब्बार..

कोरबा। शहर के कोसाबाडी क्षेत्र से लगे इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित कार्बन फैक्ट्री में आज शनिवार को अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि उसकी ऊंची लपटें और आसमान में उठता काले धुएं का विशाल गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं से घिर गया, जिससे आसपास के रहवासी क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना पर दमकल विभाग की गाड़िया मौके पर पहुंची,दो वाहन के पानी खत्म होने के बावजूद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के कुछ ही मिनटों में धुएं का घना गुबार कई सौ फीट ऊपर तक फैल गया। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। कुछ ही देर में दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू किया गया।
घटनास्थल से सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आग की लपटों के बीच काला धुआं पूरे आसमान को ढंकता नजर आ रहा है। वहीं फायर ब्रिगेड और पुलिस के सायरन लगातार गूंजते रहे, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर ज्वलनशील सामग्री में आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद जांच शुरू करने की बात कही है। कोरबा से सतपाल सिंह की खबर।






