नगर के छात्र जगत में खुशी की लहर, लायंस शिक्षण समिति ने किया हर्ष व्यक्त

चांपा : अंतर्राष्ट्रीय समाज सेवी संस्था लायंस इंटरनेशनल की स्थानीय इकाई लायंस क्लब चांपा द्वारा संचालित लायंस इंग्लिश हायर सेकेण्ड्री स्कूल को लंबे इंतजार के बाद आखिरकार केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा संबद्धता प्रदान कर दी गयी है। इससे नगर के छात्रों में प्रसन्नता देखी जा रही हैं, वहीं लायंस क्लब शिक्षण समिति ने स्कूल को सी.बी.एस.ई. से संबद्धता प्राप्त होने पर हर्ष व्यक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय समाज सेवी संस्था लायंस इंटरनेशनल की स्थानीय इकाई लायंस क्लब चांपा द्वारा वर्ष 1978 से लगातार नगर तथा जिले के सर्वप्रथम इंग्लिश मीडियम स्कूल के रूप में लायंस इंग्लिश हायर सेकेण्ड्री स्कूल का संचालन किया जा रहा है। स्कूल का संचालन प्रारंभ हुए आज 58 वर्ष पूर्ण होने पर एक नवीन उपलब्धि के रूप में नया आयाम जुड़ा है। स्कूल को आज 23 अप्रैल को केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा मण्डल से संबद्धता प्रदान कर दी गयी है। इस आशय की जानकारी गुरूवार को स्कूल प्रबंधन को सी. बी.एस.ई. के पोर्टल द्वारा प्रदान की गयी है। स्कूल को केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा मण्डल से संबद्धता क्रमांक-3330572 प्रदान किया गया है। इस बात की जानकारी स्कूल प्रबंधन को मिलते ही उनमें हर्ष की लहर दौड़ गयी। साथ ही स्कूल से जुड़े छात्रों सहित नगर के शिक्षा जगत में भी प्रसन्नता का माहौल देखा जा रहा है। ज्ञात हो कि स्कूल प्रबंधन विगत एक वर्ष से केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा मण्डल से संबद्धता प्राप्त करने के लिए प्रयासरत् था। स्कूल प्रबंधन समिति का लगातार एवं अनवरत प्रयास आखिरकार आज 23 अप्रैल को रंग लाया जब सी.बी.एस.ई. से लायंस इंग्लिश हायर सेकेण्ड्री स्कूल को संबद्धता प्रदान कर दी गयी। इस पर लायंस क्लब शिक्षण समिति के चेयरमेन लायन रामप्रपन्न देवांगन, लायन संतोष कुमार सोनी (अध्यक्ष लायंस क्लब चांपा), प्राचार्य श्रीमती अजिता वी. के., उपाध्यक्ष लायन डॉ. के. पी. राठौर, सचिव लायन सी. ए. सुरेश अग्रवाल सहित सदस्य लायन एस. एन. अग्रवाल, लायन राजेश अग्रवाल, लायन गिरधारी लाल अग्रवाल, लायन डॉ. योगेन्द्र शर्मा, लायन बजरंग अग्रवाल, लायन नंदकुमार देवांगन के अलावा लायंस क्लब के समस्त सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा है कि स्कूल को केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा मंण्डल से संबद्धता प्राप्त होने पर यहाँ अध्ययनरत बच्चों को एक समान पाठ्यक्रम होने से अन्य राज्यों में भी शिक्षा ग्रहण के लिए जाने पर पढ़ाई करने में आसानी होगी। उन्हें उच्च स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त होने पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं में भी लाभ होगा। इसके अलावा छात्रों को केन्द्रीय पाठ्यक्रम होने से प्रतियोगी परीक्षाओं में मदद मिलेगी और निरंतर मूल्यांकन होने से उनकी शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। स्कूल को सी.बी.एस.ई. की संबद्धता प्राप्त होने पर लायंस क्लब के सदस्यों ने भी प्रसन्नता जाहिर की है।






