अंतर क्षेत्रीय एथलेटिक्स स्पर्धा में कोरबा एरिया विजेता तो कुसमुंडा रही उपविजेता
सतपाल सिंह
अंतर क्षेत्रीय एथलेटिक्स स्पर्धा में कोरबा एरिया विजेता तो कुसमुंडा रही उपविजेता

कोरबा जिले के गेवरा स्टेडियम में एसईसीएल अंतर क्षेत्रीय एथलेटिक्स स्पर्धा में कोरबा एरिया विजेता और कुसमुंडा एरिया उपविजेता रही। दो दिवसीय स्पर्धा में एसईसीएल के विभिन्न एरिया से 455 प्रतिभागियों ने 39 स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। महिला कर्मियों ने भी एथलेटिक्स स्पर्धा में हिस्सा लिया।
स्पर्धा में महिला वर्ग में एसईसीएल भटगांव एरिया की चंद्रमणी ने खेल कौशल से सबको चौंकाया। उन्होंने बेस्ट एथलीट (महिला) का प्रतिष्ठित खिताब हासिल किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि एसईसीएल बिलासपुर के निदेशक (एचआर) बिरंची दास ने विजेता व उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए जरूरी है बल्कि ये टीम भावना और अनुशासन भी सिखाते हैं। विशिष्ट अतिथि सीआईएसएफ के डीआईजी निर्विकार व जीएम (कल्याण) जी. श्यामला राव रहे। समारोह की अध्यक्षता एसईसीएल गेवरा एरिया जीएम एके त्यागी ने किया।
विजेताओं को पुरस्कृत कर एसईसीएल के खेल ध्वज का विधिवत उतारने के बाद स्पर्धा के समापन की घोषणा की गई। एरिया जीएम त्यागी व उनकी टीम में शामिल एनके साहू, अजय बेहेरा समेत अन्य के प्रयास से स्पर्धा को सफल बनाया।





