Corona Virus : कोरोना के डेल्टा प्लस वैरिएंट से हुई महिला की मौत, संपर्क में आए 2 लोगों में डेल्टा प्लस वैरिएंट की हुई पुष्टि

मुंबई : देश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर की रफ्तार अभी कम हुआ ही नहीं था कि इस बीच कोरोना के डेल्टा प्लस वैरिएंट से मौत का पहला मामला सामने आया। मुंबई के घाटकोपर में एक 63 वर्षीय महिला की मौत हुई थी। जिसका रिपोर्ट आने के बाद महिला में डेल्टा प्लस वैरिएंट की पुष्टि की गई है। जबकि खास बात यह हैं कि मुंबई में डेल्टा प्लस वैरिएंट से मरने वाली महिला वैक्सीन के दोनों डोज ले चुकी थी। इसके बाद भी उसे फेफड़ों व सांस लेने में समस्या हुई, जिसके बाद उसे घर में ही ऑक्सीजन लगाया गया। 21 जुलाई को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई और 24 जुलाई को वह अस्पताल में भर्ती हुई, जहां 3 दिन बाद उसकी मौत हो गई।
इसके बाद 11 अगस्त को राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिला में डेल्टा प्लस वैरिएंट की जानकारी मुंबई महानगर पालिका को दी गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक कुछ कोरोना संक्रमित मरीजों का जीनोम स्वीकेंस टेस्ट किया गया था। सामने आया है कि सात लोग डेल्टा प्लस वैरिएंट से संक्रमित हैं। इन सभी में यह वैरिएंट एक दूसरे के संपर्क से आया है। महानगर पालिका के अधिकारियों का कहना है कि वह महिला उन सात लोगों में से एक थी। अब, महिला के संपर्क में आने वाले दो लोगों में भी डेल्टा प्लस वैरिएंट की पुष्टि हुई है।
बीएमसी के पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट के कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मंगला गोमरे ने बताया कि 63 वर्षीय जिस महिला की मौत डेल्टा प्लस वैरिएंट से हुई थी। उसके संपर्क में आने वाले सभी लोगों की जांच की जा रही है, जिसमें छह लोगों में कोरोना के लक्षण देखे गए हैं। सभी के सैंपल जीनोम स्वीकेंस के लिए भेजे गए हैं, जिसमें से दो में डेल्टा वैरिएंट की पुष्टि हुई है। वहीं अन्य चार लोगों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
#Corona Virus # Delta plus #Corona update #Mumbai #Health Department #BMC