
केरल में एक 14 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बताया गया है कि 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली लड़की के साथ 7 लोगों ने रेप किया, ऐसा करने से पहले लड़की को ड्रग्स दिया गया था। मिली जानकारी के मुताबिक इंस्टाग्राम के जरिए बने दोस्त ने अपने साथियों के साथ इस घटना को अंजाम दिया।
मुख्य आरोपी की तलाश जारी
रिपोर्ट में बताया गया है कि मल्लापुरम पुलिस ने इस मामले के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, बाकी के 5 आरोपियों की तलाश जारी है. अब तक मुख्य आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस के मुताबिक 14 साल की लड़की ने ऑनलाइन क्लास के लिए मोबाइल फोन लिया था, जिसके बाद इंस्टाग्राम पर उसकी बातचीत 30 साल के एक लड़के से होने लगी. जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर लड़की के साथ दुष्कर्म किया. अब पुलिस को इसी मुख्य आरोपी की तलाश है।
ड्रग्स देकर दुष्कर्म करता था आरोपी
ड्रग्स एंगल को लेकर अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर कई दिनों तक चैटिंग के बाद आरोपी लड़की के घर भी आया, साथ ही उसने लड़की को ड्रग्स लेने को कहा. धीरे-धीरे वो ड्रग्स की आदी हो गई, जिसका फायदा आरोपी उठाने लगा. उसने लड़की के साथ दुष्कर्म करना शुरू कर दिया, इतना ही नहीं आरोपी ने अपने दोस्तों से भी ऐसा करवाया। पुलिस के मुताबिक ये मामला सामने तब आया, जब लड़की ने अपने एक रिश्तेदार को इसके बारे में जानकारी दी, इसके बाद चाइल्ड लाइन पर इसकी शिकायत की गई। मामले का खुलासा होते ही आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने जिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी उम्र 22 साल बताई गई है।