जिले में प्रथम दिन 149 किसानों ने 5,580 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर किया विक्रय.
रिपोर्ट : आशीष अग्रवाल

जांजगीर-चांपा : छत्तीसगढ़ में धान उत्पादक किसानों से खरीफ विपर्ण वर्ष 2020-21 मे समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महापर्व आज से प्रारंभ हो गया है। धान खरीदी के नोडल अधिकारी एवं सयुक्त कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा ने बताया कि जांजगीर-चांपा जिले में आज विभिन्न 25 उपार्जन केंद्र मे करीब 149 किसानों ने 5,580 क्विंटल धान विक्रय किया। जिले में सहकारी केन्द्रीय बैक की कुल 18 शाखाएं संचालित है। जिले में कुल 196 सहकारी समितियों के माध्यम से 230 उपार्जन केन्द्रों से धान खरीदी की तैयार की गई है।
कलेक्टर यशवंत कुमार के मार्गदर्शन में उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। जिले में इस साल धान बेचने के लिए 1,87,077 किसानों ने पंजीयन कराया है, जिनके द्वारा बोये गए धान का रकबा 2,17,709.927 हेक्टेयर से अधिक है। किसान हितैषी नीतियों के चलते जिले के किसानों मे उत्साह दिख रहा है। कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्रों में किसानों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा है।