विवाह के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी करने वाले मैट्रिमोनियल एजेंटों के गिरोह का खुलासा

बिलासपुर ,सरकण्डा -बैंक खातों की जांच के दौरान यह पाया गया कि खाताधारक के नाम पर संचालित खाते का उपयोग अन्य व्यक्तियों द्वारा किया जा रहा था, जिसमें ’’मैरिज ब्युरो’’ से संबंधित राशि जमा कराई जा रही थी। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि बिहार निवासी शिकायतकर्ता से विवाह हेतु उपयुक्त वधु उपलब्ध कराने का झांसा देकर 10,000 रुपये जमा कराये गये, किन्तु राशि प्राप्त होने के बाद कोई सेवा प्रदान नहीं की गई। ठगी का आभास होने पर शिकायतकर्ता द्वारा ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई, जो जांच हेतु प्राप्त हुई।
पूर्व से म्यूल खातों की जांच के दौरान प्राप्त सूचनाओं के आधार पर ऐसे गिरोह की जानकारी एकत्र की गई। जांच के दौरान सरकण्डा क्षेत्र में संचालित एक मैट्रिमोनियल ऑफिस की जानकारी मिलने पर टीम द्वारा मौके पर जाकर कार्रवाई की गई, जहां संचालक एवं सहयोगी उपस्थित मिले। पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि शादी के इच्छुक लोगों को झांसा देकर उनसे राशि प्राप्त की जाती थी तथा ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए फर्जी प्रोफाइल बनाकर बातचीत कराई जाती थी।





