कुसमुंडा खदान में डीज़ल चोरी का प्रयास विफल, TSR जवानों की सजगता पर एसईसीएल सीएमडी ने की सराहना
सतपाल सिंह
कुसमुंडा खदान में डीज़ल चोरी का प्रयास विफल, TSR जवानों की सजगता पर एसईसीएल सीएमडी ने की सराहना
कोरबा – बीते दिनांक 13.02.2026 को लगभग दोपहर 03:20 बजे, 04 अज्ञात चोर एसईसीएल की वर्दी धारण कर सुरक्षा कर्मियों को भ्रमित करने के उद्देश्य से कुसमुंडा खनन क्षेत्र में बोलेरो वाहन क्रमांक CG12BU6108 से अवैध रस्ते से प्रवेश किए। उक्त चोरों द्वारा 10 प्लास्टिक कंटेनरों में लगभग 170 लीटर डीज़ल चोरी कर फरार होने का प्रयास किया जा रहा था।
त्रिपुरा स्टेट रायफल्स (TSR) सुरक्षा कर्मियों की असाधारण सजगता एवं तत्परता के कारण संदिग्ध वाहन की पहचान कर QRT की सहायता से उसे रोकने का प्रयास किया गया। पकड़े जाने की आशंका से चोर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। त्रिपुरा स्टेट रायफल्स (TSR) जवानों द्वारा वाहन से 170 लीटर डीज़ल बरामद कर चोरी के प्रयास को विफल कर दिया गया।
यह सराहनीय कार्रवाई त्रिपुरा स्टेट रायफल्स (TSR) उप कमांडेंट मिहिर दत्ता के कुशल निर्देशन में नायक सूबे. राजेश कुमार साहू के नेतृत्व में राइफलमैन अमन टोप्पो, राइफल मेंन गोपाल दास, राइफलमैन गेब्रियल केरकेट्टा, राइफलमैन गुरुपदा गोपे तथा नायक बिश्नु उरांव द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
उक्त साहसिक एवं सतर्क कार्रवाई के लिए एसईसीएल के मुखिया हरीश दुहन, सीएमडी एसईसीएल की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में, बिरांची दास, निदेशक (मा.सं.) एसईसीएल, हिमांशु जैन, मुख्य सतर्कता अधिकारी, एसईसीएल एवं लेफ्टिनेंट कमांडर वी. दक्षिणामूर्ति, सुरक्षा प्रमुख, एसईसीएल की उपस्थिति में सभी जवानों को सम्मानित करते हुए प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह प्रदान किया गया।
एसईसीएल प्रबंधन द्वारा त्रिपुरा स्टेट रायफल्स (TSR) जवानों की कर्तव्यनिष्ठा, सजगता एवं उत्कृष्ट टीमवर्क की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई तथा इसे कंपनी की सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था का उत्कृष्ट उदाहरण बताया गया





