
शैलेश बने श्याम बाबा सेवा समिति के अध्यक्ष
चांपा। स्थानीय मोदी चौक स्थित खाटू वाले श्याम मंदिर का संचालन करने वाली श्री श््याम बाबा सेवा समिति ( पंजीकृत ) की एक आवश्यक बैठक शनिवार 15 अप्रेल को रात्रि 8.30 बजे से मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक में समिति के नवीन सत्र 2023-24 के लिए मीडिया प्रभारी शैलेश कुमार शर्मा को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। इसके पूर्व समिति के निवृत्तमान अध्यक्ष दुर्गाप्रसाद अग्रवाल ने अपने कार्यकाल के दौरान का आय-व्यय का लेखा प्रस्तुत किया। इसके पश्चात्ा समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक रामनारायण मोदी ने समिति के नवीन सत्र 2023-24 के अध्यक्ष पद के लिए मीडिया प्रभारी शैलेश कुमार शर्मा का नाम प्रस्तावित किया। उपस्थित अन्य सदस्यों ने उनके नाम पर सहमति जताते हुए उन्हें आगामी कार्यकाल के लिए समिति का अध्यक्ष चुन लिया। इसके बाद निवृत्तमान अध्यक्ष दुर्गाप्रसाद अग्रवाल ने उन्हें फूलमाला पहना कर सफल कार्यकाल के लिए बधाई दी। समिति के नवीन अध्यक्ष चुने गए शैलेश कुमार शर्मा ने उन पर विश्वास व्यक्त करने के लिए सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सभी से चर्चा एवं सहमति बनाने के पश्चात्ा उनके द्वारा समिति की नवीन कार्यकारिणी गठित की जाएगी। इसके अलावा शीघ्र एक बैठक आयोजित कर आगामी 9 मई को मंदिर के वार्षिकोत्सव के आयोजन के संबंध में रूपरेखा तैयार की जायेगी। उन्होंने नवीन सत्र के लिए राज अग्रवाल को समिति का सचिव नियुक्त करने की घोषणा की जिसका उपस्थितों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया। समिति के संरक्षक रामनारायण मोदी ने आशा व्यक्त की कि नवीन अध्यक्ष अपने दीर्घ अनुभवों से श्याम मंदिर की ख्याति और भी बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगे।