Chhattisgarh
विजयादशमी पर पुलिस विभाग ने किया शस्त्र पूजा
आईजी, एसपी सहित पुलिस के अधिकरियों और जवानों ने की पूजा अर्चना

जगदलपुर । विजयादशमी के पावन अवसर पर शस्त्र पूजन समारोह श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ आरक्षित पुलिस लाइन, जगदलपुर में आयोजित किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुंदरराज पी तथा पुलिस अधीक्षक, बस्तर शलभ सिन्हा ने पूजन अनुष्ठान मे सहभागिता की। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण, बल के अधिकारी एवं जवान भी इस आयोजन में शामिल हुए, जिससे यह कार्यक्रम शौर्य, कर्तव्य एवं सुरक्षा का प्रतीक रहे शस्त्रों के प्रति सामूहिक नमन का रूप बन गया।
आईजी सुंदरराज पी ने विजयदशमी के अवसर पर शुभकामनाएं प्रेषित कीं ,और समस्त पुलिस बल के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के साथ-साथ बस्तर क्षेत्र की स्थानीय जनता के कल्याण एवं मंगल की प्रार्थना की।
उल्लेखनीय है कि बस्तर रेंज के सभी सात जिलों – बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, बस्तर, कोंडागांव एवं कांकेर में भी 02 अक्टूबर 2025 को शस्त्र पूजन समारोह एक साथ संपन्न हुआ, जो इस पावन परंपरा के सामूहिक पालन का प्रतीक है।






