रजत जयंती के अवसर पर दिव्यांगजन एवं वरिष्ठजन सम्मान समारोह का किया गया आयोजन
जिला ब्यूरो सक्ती- महेन्द्र कर्ष

सक्ती, 27 सितम्बर 2025 // रजत जयंती वर्ष 2025-26 के अवसर पर कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिले में विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज समाज कल्याण विभाग सक्ती द्वारा सेवा पखवाड़ा रजत महोत्सव के अंतर्गत दिव्यांगजन एवं वरिष्ठजन सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ख्यातिप्राप्त दिव्यांग खिलाड़ियों तथा ग्राम पंचायत जेठा के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया। इसके साथ ही दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण भी वितरित किए गए। जिनमें 6 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 2 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, ख्याति प्राप्त दिव्यांग खिलाड़ियों को ट्रैक सूट एवं वरिष्ठ नागरिकों को साल-श्रीफल के साथ सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर रकबी खेल के नेशनल खिलाड़ी श्री कमलेश पटेल, क्रिकेट और रकबी खेल के नेशनल खिलाड़ी श्री पीला बाबू तथा जिले के ख्याति प्राप्त दिव्यांग खिलाड़ी श्री हरि सोनवानी का विशेष रूप से सम्मान किया गया। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री सुनील कुमार मिश्रा, जनप्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न हितग्राही एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।






