
प्रकाश इंडस्ट्रीज में ब्लास्ट, 13 मजदूर झुलसे


प्रकाश इंडस्ट्रीज में ब्लास्ट, 13 मजदूर झुलसे
इनमें 4 की हालत नाजुक, 15 टन फर्नेस का गर्म लावा छिटका, सभी को रायपुर रेफर किया गया है।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के प्रकाश इंडस्ट्रीज में फर्नेस ब्लास्ट हुआ है। 15 टन क्षमता वाले पुराने फर्नेस में ब्लास्ट होने से 13 कर्मचारी झुलस गए हैं। इनमें 4 की हालत गंभीर है। 3 मजदूरों को रायपुर केनारायणा अस्पताल रेफर किया गया है। मामला चांपा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक सभी मजदूर सेकेंड शिफ्ट में काम कर रहे थे, तभी गर्म लावा की चपेट में आ गए। हादसे की पुष्टि जांजगीर SP विवेक शुक्ला ने की है। उन्होंने बताया कि ब्लास्ट का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई है।
फर्नेस ब्लास्ट में ये मजदूर हुए घायल
बताया जा रहा है कि घायल मजदूरों में सुरेश कुमारचंद्रा, अनूप चतुर्वेदी, दूजराम चंद्रा, प्रसन्नजीत राय, नीरज सिंह, उदय शंकर ओझा, बृजकिशोर यादव, रमेश सूर्यवंशी, शंकर यादव, राजेंद्र कुमार, शिव कुमार केवट, सरकार सिंह और राजेश प्रजापति शामिल हैं। इनमें अधिकांश मजदूर दूसरे राज्यों के हैं। वहीं हादसे को लेकर स्थानीय विधायक व्यास कश्यप ने प्रकाश इंडस्ट्रीज की लापरवाही का नतीजा बताया है। साथ ही प्रकाश इंडस्ट्रीज पर जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी कंपनी पर सवाल उठाए हैं।