धान खरीदी केंद्र बरपाली कला में धान उठाव नहीं, 12000 क्विटल धान जाम*
जिला रिपोर्टर सक्ती- उदय मधुकर

सक्ती जिले के धान खरीदी केंद्र बरपाली कला में समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान का नियमित उठाव नहीं होने से यहां हजारों क्विंटल धान जाम हो गया है। इससे खरीदी प्रकिया भी प्रभावित होने लगी है। इस संबंध में खरीदी प्रभारी रूपेन्द्र जायसवाल ने बताया कि नियमित धान का उठाव नहीं होने से धान खरीदी केंद्र बरपाली कला में 12000 क्विंटल से अधिक धान फड़ में जाम हो गया है। खरीदी प्रभारी श्री जायसवाल ने बताया कि सुदूर पहाड़ी अंचल के धान खरीदी केंद्र होने के बावजूद यहां नियमित धान का उठाव नहीं होना चिंता की बात है। जबकि अन्य धान खरीदी केंद्रों में नियमित धान उठाव हो रहा है। ऐसे में उन्होंने अनुरोध किया कि धान का नियमित उठाव किया जाय ताकि खरीदी कार्य सुगमता से सम्पन्न हो सके।

गौरतलब हो कि सेवा सहकारी समिति बरपाली पंजीयन क्रमांक 1835 अंतर्गत धान खरीदी केंद्र बरपाली सक्ती विकासखंड के शहर से दूरस्थ स्थित धान खरीदी केंद्रों में से एक है। जहां बरपाली कला, ऋषभतीर्थ, घुईचुआं, सलिहाभांठा, रैनखोल, बासीनपाठ, खर्रीपारा, जामचुआं, नावागांव, घोघरा तथा बुढ़नपुर सहित कुल 11 गांवों से किसान समर्थन मूल्य पर धान बेचने पहुंचते हैं। खरीफ विपणन वर्ष 2025 में इस साल यहां खरीदी लक्ष्य 40000क्वि. है जिसमें से अब तक 12000क्वि. धान की खरीदी की जा चुकी है। ऐसे में आने वाले दिनों में यहां धान खरीदी में और भी तेजी देखने को मिलेगी।





