
चकरभाठा थाना क्षेत्र की घटना:वैन ड्राइवर का सिर कुचला पंजा काटकर ले गए हत्यारे; रॉड, धारदार हथियार से हमले की आशंका
हाईकोर्ट के पास होटल सेंट्रल पाइंट के पीछे खेत में स्कूली वैन ड्राइवर की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। हत्यारे उसके हाथ का पंजा काटकर ले गए। उसके शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटों के निशान हैं। रॉड, धारदार हथियार से हमले की आशंका है। मौके पर पुलिस को शराब की खाली बोतल और डिस्पोजल मिले हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को अवैध संबंधों के चलते वारदात का संदेह है। दूर के संदेही रिश्तेदारों की पतासाजी चल रही है। घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र की है।
शुक्रवार की सुबह लोगों ने हाईकोर्ट के पास सेंट्रल पाइंट होटल के पीछे बोदरी जाने के रास्ते के खेत में युवक की खून से सनी लाश देखी। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल शुरू की तो घटनास्थल के पास शराब की खाली बोतल और डिस्पोजल मिले। पास में ही एक कैंची भी पड़ा हुआ था।
पुलिस ने सभी को जांच कर पहचान कराने उसकी फोटो सोशल मीडिया में डाली। इसके करीब एक घंटे बाद उसकी शिनाख्ती सरकंडा चौबे कॉलोनी के पास अटल आवास निवासी दीपक यादव पिता परदेसी यादव (23) के रूप में हुई। परिजनों को पता चला तो मौके पर आए और पहचान की पुष्टि की। पुलिस ने उनका बयान लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दीपक अमेरी चौक के पास के स्कूल में वैन चलाता था। उसकी खुद की गाड़ी है।
पत्नी से रात 10.30 बजे आखिरी बार बात
दीपक घर नहीं आया तो उसकी पत्नी ने उसे कॉल किया। रात 10.30 बजे उसने बताया कि वह स्टेपनी बनवाने आया है। उसने कुछ देर बाद घर आने के बारे में जानकारी दी। जब नहीं आया तो पत्नी ने उसे फोन किया। घंटी बजती रही पर रिसीव नहीं हुआ। सुबह पत्नी ने घर के अन्य सदस्यों को बताया तो उन्होंने खोजबीन शुरू की। उसकी बाइक नूतन चौक के पास मिली।
घर से रात 7 बजे निकला था
दीपक स्कूल से आने के बाद घर में था। करीब 7 बजे हमेशा की तरह वह निकला पर लौटकर नहीं आया। रात 10 बजे उसे आखिरी बार दो लोगों के साथ इमलीभाठा में देखा गया था। दोनों युवकों पूछताछ की जा रही है।
झगड़ा होते सुना था लोगों ने
घटनास्थल पर रात को एक कार देखी गई थी। कुछ लोगों ने वहां तीन चार लोगों का झगड़ा भी सुना था। माना जा रहा हत्यारों ने शराब पीने के बहाने वहां ले गए होंगे और उसकी हत्या कर दी गई होगी।
दो से अधिक लोग थे वारदात में
घटना की पुलिस मान रही है कि इस वारदात को दो से अधिक लोेगों ने अंजाम दिया है। इसी तरह पंजा काटकर क्रूरता से उसकी हत्या की गई है यह अवैध संबंधों की ओर इशारा कर रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि उसका किसी दूर के रिश्तेदार से अवैध संबंध था। पुलिस सभी एंगल से पड़ताल कर रही है। केवल पंजा काटकर ले जाना किसी को समझ में नहीं आ रहा है। पुलिस ने डॉग मंगवाया, लेकिन वह शराब दुकान तक जाकर भटक गया।