*घोघरा जंगल की शासकीय जमीन पर भू माफियाओं की तिरछी नजर…*

जिला रिपोर्टर शक्ति उदय मधुकर
सक्ती ।। सक्ती जिला अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत मोहगांव के आश्रित ग्राम घोघरा स्थित जंगल एवं राजस्व भूमि को भू माफियाओं द्वारा अवैध रूप से उजाड़ने का आरोप मोहगांव सरपंच सहित ग्रामीणों ने लगाया है। इस संबंध में पूर्व में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सक्ती को सरपंच श्रीमती माधुरी साहू ने प्रशासन को इसकी जानकारी दी हुई है। इस संबंध में मोहगांव सरपंच ने बताया कि ग्राम पंचायत मोहगांव के आश्रित ग्राम घोघरा का शासकीय जमीन जिसमें जंगल लगा हुआ है। जिसका खसरा नं 156/1, 228/1, 228/2, 228/3 तथा 463 है। उक्त जमीन को भू माफियाओं के द्वारा जेसीबी मशीन चला कर उजाड़ी जा रही है। गांव वालों की मनाही का भी उन पर किसी प्रकार की असर नहीं पड़ रहा है। सरपंच मोहगांव सहित ग्रामीणों ने आशंका व्यक्त किया है कि अगर इस पर रोक नहीं लगाई गई तो आगामी भविष्य में गांववासियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। लिहाजा इस पर रोक लगाने सरपंच श्रीमती माधुरी साहू ने 25 जून 2025 को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सक्ती को पत्र लिखकर इसकी सूचना प्रशासन को दी हुई है।

इसके अलावा और भी समय-समय पर प्रशासन को इसकी सूचना दी जाती रही है। पर प्रशासन की तरफ से कार्यवाही नहीं होने से जहां भूमाफियाओं के हौसले बुलंद हैं वहीं घोघरा गांव वासियों में निराशा है। उन्हें अब भी इन भू माफियाओं पर प्रशासनिक कार्रवाई का इंतज़ार है। ऐसे में अब यह देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है….?





