कोरबा में मामूली विवाद में पिता और दो बेटों ने ईंट से पीट-पीटकर की कुसाल सिंह की हत्या, तीनों पहुंचे सलाखों के पीछे
सतपाल सिंह
कोरबा में मामूली विवाद में पिता और दो बेटों ने ईंट से पीट-पीटकर की कुसाल सिंह की हत्या, तीनों पहुंचे सलाखों के पीछे

कोरबा: जिले के थाना पाली क्षेत्र के ग्राम जमनीमूड़ा में आपसी विवाद के बाद एक शख्स की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी पिता नारायण सिंह पोर्ते सहित उसके दो नाबालिग बेटों को चौबीस घंटे के भीतर दबोच लिया है। अदालत के आदेश पर मुख्य आरोपी को जेल और दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।
कनपटी पर ईंट से ताबड़तोड़ वार, अस्पताल में तोड़ा दम
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, वारदात 14 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की है। ग्राम जमनीमूड़ा में रहने वाले कुसाल सिंह कंवर का आरोपी नारायण पोर्ते और उसके दो बेटों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पिता और बेटों ने मिलकर कुसाल सिंह पर ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में कुसाल सिंह के सिर और कनपटी पर गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ कुसाल सिंह को तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से शासकीय अस्पताल पाली ले जाया गया, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस की घेराबंदी, जुर्म कबूला
हत्या की इस गंभीर वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी के कड़े निर्देश और एडिशनल एसपी लखन पटले व कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में पाली थाना प्रभारी ने स्पेशल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर मुख्य आरोपी नारायण सिंह पोर्ते (44 वर्ष) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी पिता ने अपने दोनों बेटों के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपी जेल में, नाबालिग बेटे बाल सुधार गृह रवाना
पाली पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। मुख्य आरोपी नारायण पोर्ते को माननीय जेएमएफसी न्यायालय पाली में पेश किया गया, जहां से उसे उपजेल कटघोरा भेज दिया गया है। वहीं, वारदात में शामिल उसके दोनों नाबालिग बेटों को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड कोरबा के समक्ष पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह (सुधार गृह) भेज दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके के अपराधियों में हड़कंप है।





