
कोरबा – तेज रफ्तार बुलेट ने भक्ति पथ पर बरपाया काल, देवरानी-जेठानी की दर्दनाक मौत; साथी छोड़ भागा..

कोरबा। कटघोरा-दर्री मुख्यमार्ग पर गोपालपुर के पास एक तेज रफ्तार बुलेट की लापरवाही ने दो महिलाओं की जान ले ली। हादसा उस समय हुआ जब गांव की महिलाएं नवरात्र उत्सव के तहत जसगीत गाने देव स्थल की ओर पैदल जा रही थीं।
हादसे की मुख्य बातें:
• मृतक: वृंदा महंत (53 वर्ष, देवरानी) और शकुंतला महंत (60 वर्ष, जेठानी)।
• वाहन: बुलेट क्रमांक CG 12 AR 8993, चालक राहुल (दर्री निवासी) गंभीर रूप से घायल।
• समय व स्थान: शुक्रवार रात करीब 8 बजे, गोपालपुर मुख्यमार्ग।
लापरवाही की शिकार हुईं मासूम महिलाएं
सड़क किनारे सुरक्षित चल रही महिलाओं के समूह को बुलेट चालक ने इतनी तेज टक्कर मारी कि तीन महिलाएं और खुद चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बुलेट पर पीछे बैठा युवक अपने घायल साथी को तड़पता छोड़ मौके से रफूचक्कर हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों जेठानी-देवरानी ने दम तोड़ दिया। दर्री पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है और यह जांच कर रही है कि क्या बुलेट चालक नशे में था या रफ्तार अनियंत्रित थी।





