किराए के पैसों को लेकर आपस में भिड़े कांग्रेस नेता:कार्यकर्ता ने ब्लॉक अध्यक्ष के साथ की मारपीट, थाने में भी हुआ घंटों बवाल

बेमेतरा जिले में कांग्रेस भवन के नीचे बनी दुकानों के किराए को लेकर कांग्रेसी नेता आपस में ही भिड़ गए। मामला मारपीट तक पहुंच गया। यहां तक कि थाने में ही एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष पर हमला करने के लिए हथियार उठा लिया। किसी तरह से पुलिस ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया। इधर कांग्रेस कार्यकर्ता ने भी पार्टी पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस भवन के नीचे 18 दुकानें बनाई गई हैं। इन दुकानों को कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आवंटित किया गया है। इसके लिए 1800 रुपए प्रति महीना किराया लिया जाता है। इन्हीं दुकानों में से एक दुकान कांग्रेस कार्यकर्ता आशीष तिवारी ने भी ली हुई है। दुकान उनके पिता पन्ना तिवारी चलाते हैं। आरोप है कि उन्होंने पिछले कई महीनों से दुकान का किराया नहीं दिया है।

बुधवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष बंशी पटेल और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लुकेश वर्मा किराया वसूलने के लिए पार्टी कार्यकर्ता आशीष तिवारी के घर पहुंचे। यहां किराए की राशि देने की बात को लेकर लुकेश वर्मा और दुकानदार पन्ना तिवारी के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गालीगलौज के साथ नौबत मारपीट तक पहुंच गई। इसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंच गए। पन्ना तिवारी का बेटा और कांग्रेस कार्यकर्ता आशीष तिवारी भी थाने पहुंचा। यहां एक बार फिर उसकी लुकेश वर्मा और बंशी पटेल के साथ बहस हो गई।

बहस इतनी बढ़ी कि सिटी कोतवाली थाने में ही कांग्रेस कार्यकर्ता आशीष तिवारी ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लुकेश वर्मा पर हथियार उठा लिया। ये सबकुछ थाना प्रभारी के कक्ष में हुआ। अब जिला कांग्रेस अध्यक्ष बंशी पटेल और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लुकेश वर्मा ने आरोपी आशीष तिवारी पर कार्रवाई करने की मांग की है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता भारी संख्या में थाने में जमा हो गए और मामले को सुलझाने की कोशिश की। फिलहाल ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लुकेश वर्मा की शिकायत पर पार्टी कार्यकर्ता आशीष तिवारी के खिलाफ पुलिस ने धारा 506 बी, 294, 323, 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *