Chhattisgarh

कलेक्टर-एसपी तिरंगा यात्रा में शामिल होने एक साथ पहुंचे बहतराई गांव

बिलासपुर, 17 मई ,2025/ कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसपी रजनेश सिंह आज एक साथ तखतपुर विकासखंड के ग्राम बहतराई में तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। यात्रा का आयोजन एनआरएलएम की महिला समूहों की अगुवाई में किया गया था। कलेक्टर और एसपी दोनों महिलाओं और ग्रामीणों के साथ तिरंगा रैली में शामिल हुए। कलेक्टर ने इस अवसर पर भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर की कथा सुनाई। संपूर्ण गांव का वातावरण देशभक्ति मय भावनाओं से सराबोर हो गया। सबने भारतीय सेना के पराक्रम को नमन किया। जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अर्चना झा भी इस अवसर पर मौजूद थे।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इस पावन मौके पर ग्रामीणों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया। भू जल स्तर बढ़ाने में योगदान पर उनसे चर्चा की। उन्होंने गांव की स्वयं सहायता समूह की दीदियों और ग्रामीणजनों से चर्चा करते हुए जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पानी की लगातार घटती उपलब्धता हम सबके लिए चिंता का विषय है। उन्होंने सुझाव दिया कि परंपरागत धान की खेती के स्थान पर ऐसी फसलें अपनाई जाएं जिनमें जल की खपत कम हो। इसके साथ ही उन्होंने वर्षा जल संचयन को अनिवार्य बताते हुए कहा कि इससे न केवल भूजल स्तर में वृद्धि होगी, बल्कि भविष्य के लिए जल की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। स्व सहायता समूह की दीदियों ने इस दौरान गांव में नशे की बढ़ती समस्या और अवैध शराब की बिक्री के कारण गांव में बढ़ती नशाखोरी की शिकायत की। इस पर पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने तुरंत संज्ञान लेते हुए गांव में चलित थाना प्रारंभ करने की बात कर समस्या निवारण का आश्वासन दिया और कहा कि अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और गांव को नशामुक्त बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम में जिला पंचायत के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन, समूह की महिलाएं मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मोर गांव मोर पानी अभियान की शुरुआत की गई है जिसमें ग्रामीणों को वर्षा जल को संरक्षित करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

Sanjay Thakur Bureau Bilaspur

State Affairs Reporter Sanjay Thakur is a state affairs reporter focusing on administration, development projects, and civic issues and local news is Bilaspur sambhag in Chhattisgarh. His work highlights grassroots concerns and governance-related developments. Areas of Expertise • State administration • Infrastructure and development • Civic and public issues • Field reporting & Local News of Bilaspur Sambhag of Chhattisgarh He follows source verification guidelines and ensures responsible, fact-based reporting. 📧 Contact:sanjaysinghthakur72@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026