*कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में जिला स्तरीय गौधाम समिति की बैठक की गई आयोजित*

सक्ती, कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो एवं पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय गौधाम समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पशुधन विकास विभाग जिला सक्ती द्वारा बताया गया कि गौधाम योजना का उद्देश्य निराश्रित एवं घुमंतू पशुओं के संरक्षण, कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत जप्त पशुओं के समुचित प्रबंधन एवं संवर्धन सहित गौ उत्पादों को बढ़ावा देने, चारा विकास कार्यक्रम को मजबूत करने तथा गौधामों को प्रशिक्षण केन्द्र के रूप में विकसित करना है। पशुधन विकास विभाग द्वारा बताया गया कि गौधामों का संचालन छत्तीसगढ़ गौसेवा आयोग में पंजीकृत गौशाला समितियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, ट्रस्ट, प्रोड्यूसर कंपनियों एवं सहकारी समितियों के माध्यम से किया जाएगा। प्रत्येक गौधाम की अधिकतम क्षमता 200 पशु निर्धारित की गई है, जिससे बेहतर देखभाल और प्रबंधन सुनिश्चित हो सके। बैठक में पशुधन विकास विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि गौधामों में पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण एवं नियमित देखरेख की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही पशु नस्ल सुधार कार्यक्रम के तहत उन्नत नस्ल के संवर्धन पर कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही गौधामों में आवश्यक अधोसंरचना के विकास, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल सुविधा तथा छायादार शेड निर्माण जैसे कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि प्रत्येक गौधाम में एक चरवाहा एवं एक गौसेवक की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी, जिन्हें कलेक्टर दर के अनुसार प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा। बैठक में यह भी बताया गया कि गौधामों को प्रशिक्षण केन्द्र के रूप में विकसित कर गौ उत्पादों के निर्माण एवं विपणन से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और गौ आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर श्री के.एस. पैंकरा, संयुक्त कलेक्टर श्री अरुण कुमार सोम, पशुधन विकास विभाग के उप संचालक श्री नदीम शम्स, श्री विजय साहू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





