अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रायपुर में वृहद महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन, CM साय और मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दीप प्रज्वलित कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ

रायपुर : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को रायपुर स्थित साइंस कॉलेज मैदान में वृहद महतारी वंदन सम्मेलन और राज्य स्तरीय महिला मड़ई का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम स्थल पहुंच चुके हैं। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित सभी कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक, रायपुर महापौर एवं अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस मौके पर सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को 13वीं किस्त जारी की गई है। सम्मान सुविधा प्रणाली के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अब ऑनलाइन मानदेय दिया जा रहा है, जो पहले नगद मिलता था। प्रदेश में लगातार सुशासन स्थापित किया जा रहा है।
CM साय ने बताया कि महिला मड़ई में 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जहां अब तक 20 लाख रुपये का व्यवसाय हुआ है। हमारी माताएं-बहनें अब किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। हालिया चुनावों में महिलाओं ने अपनी शक्ति साबित की है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में महिलाओं को 33% आरक्षण दिया जाएगा। इस आयोजन के लिए मैं महिला एवं बाल विकास विभाग के मंत्री और विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई देता हूं।
उल्लेखनीय है कि 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वर्चुअल उपस्थिति में महतारी वंदन योजना की प्रथम किश्त विवाहित महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की गई थी। अब तक 12 किश्तों में 7,838 करोड़ रुपये की राशि प्रदेश की माताओं-बहनों को वितरित की जा चुकी है।