दीपका मंडल में संगठन चुनाव की हलचल तेज मंडल अध्यक्ष की रेस में विशाल अग्रवाल सबसे आगे
शेत मसीह
भारतीय जनता पार्टी के संगठन चुनावों की प्रक्रिया तेज हो गई है। पहले चरण में बूथ कमेटियों का चुनाव होगा, इसके बाद 1 दिसंबर से मंडल अध्यक्ष और 15 दिसंबर से जिलाध्यक्षों का चुनाव होना है। इस बार राष्ट्रीय संगठन ने मंडल अध्यक्ष पद के लिए 45 वर्ष और जिलाध्यक्ष पद के लिए 60 वर्ष की आयु सीमा तय की है।
इस नियम ने कोरबा जिले के दीपका मंडल में चुनावी समीकरण बदल दिए हैं। कई दिग्गज नेता जैसे द्वारिका शर्मा, महेंद्र सिंह, रमेश गुरुद्वान, धरम तिवारी और राजेंद्र राजपूत उम्र सीमा के कारण रेस से बाहर हो गए हैं। वहीं, युवा चेहरे जैसे विशाल अग्रवाल, अनूप यादव, राधेश्याम सिंह, राजू प्रजापति, रोहित जायसवाल, विकास सोनी, निलेश साहू और राजेंद्र साहू अब प्रमुख दावेदार बनकर उभरे हैं।
बदले समीकरणों के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्योति नंद दुबे के करीबी माने जाने वाले विशाल अग्रवाल मंडल अध्यक्ष की रेस में सबसे मजबूत उम्मीदवार के रूप में उभरे हैं। उनकी सक्रियता और संगठन के प्रति योगदान ने उन्हें इस पद के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार बना दिया है।
पूर्व राज्य खाद आयोग अध्यक्ष ज्योति नंद दुबे ने बताया कि प्रदेश में 405 मंडलों के लिए चुनाव होंगे। मंडल अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार का सक्रिय सदस्य होना, संगठन में किसी पद पर काम करने का अनुभव और आयु सीमा के भीतर होना अनिवार्य है।
दीपका मंडल में चुनावी गतिविधियों ने जोर पकड़ लिया है, क्योंकि आगामी नगरीय निकाय और नगर पंचायत चुनावों में संगठन की भूमिका अहम होगी। नए नेतृत्व से कार्यकर्ताओं और जनता को बेहतर समन्वय और परिणामों की उम्मीद है।